हिमाचल विधानसभा बजट सत्र में करीब 500 जवान संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा
ड्रोन और कंट्रोल रूम से होगी माॅनीटरिंग, पांच सेक्टरों में बांटा शिमला
HNN/ शिमला
हिमाचल विधानसभा बजट सत्र को लेकर शिमला शहर में सुरक्षा पहरा कड़ा कर दिया है। विस सत्र के लिए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शहर के प्रवेशद्वार शोघी बैरियर, टुटू चौक, मशोबरा बाइफिरकेशन, मैहली-जुन्गा बाईपास, सैंज खड्ड, कुपवीं, चौपाल के अंतरराज्यीय बैरियर कुडडू और जमराड़ी चेक पोस्ट पर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।
इसके साथ ही बजट सत्र को लेकर पुलिस व ट्रैफिक कर्मियों की ड्यूटियां भी लगा दी गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 से 29 फरवरी तक होने वाले बजट सत्र में 500 से अधिक जवान सुरक्षा के दृष्टिगत विभिन्न स्थानों पर तैनात किए जाएंगे। विस बजट सत्र के दौरान यातायात व्यवस्था की निगरानी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से होगी। इसके अलावा ड्रोन की नजर भी रहेगी।
पांच सेक्टरों में बांटा शिमला
टुटू से कैनेडी हाउस तक पहला सेक्टर रहेगा। दूसरा सेक्टर शोघी से रेलवे स्टेशन तक होगा। रेलवे स्टेशन से कुमार हाउस तीसरा सेक्टर चिह्नित किया है। इस सेक्टर में विधानसभा परिसर के चारों तरफ पुलिस की तैनाती रहेगी।
विस परिसर की सड़कों पर बैरिकेड्स के साथ हथियारबंद जवान तैनात रहेंगे। रेलवे स्टेशन से ओल्ड बस स्टैंड होते सचिवालय को चौथा सेक्टर जबकि विक्ट्री टनल से वाया लक्कड़ बाजार-ढली को सेक्टर पांच में रखा है।