हिमाचल स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल, 8 बीएमओ को पदोन्नति
सिरमौर से बीएमओ डॉ. मनीषा अग्रवाल को बड़ी जिम्मेदारी, टांडा मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा अधीक्षक बनीं
हिमाचल नाऊ न्यूज शिमला
हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिशों के आधार पर राज्यपाल ने आठ खंड चिकित्सा अधिकारियों को नियमित आधार पर पदोन्नति प्रदान करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती के आदेश जारी किए हैं।
इस फेरबदल में सिरमौर से खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीषा अग्रवाल का भी नाम प्रमुखता से सामने आया है।10 अगस्त को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार डॉ. मनीषा अग्रवाल को पदोन्नति के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय टांडा की चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
सिरमौर में बीएमओ के रूप में सेवाएं दे रहीं डॉ. मनीषा को मिली यह नई जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग में उनके कार्य अनुभव और प्रशासनिक दक्षता के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।वहीं डॉ. विशाल महाजन को उप निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं तथा राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रशिक्षण केंद्र परिमहल, शिमला के प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. पुष्प राज को मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर, डॉ. अनुपम गुप्ता को चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल शिमला और डॉ. सतीश कुमार फोटेदार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर नियुक्त किया गया है।इसके अलावा डॉ. राधा शर्मा को सीएमओ सोलन, डॉ. सपना शर्मा को सीएमओ लाहौल-स्पीति तथा डॉ. अमित रंजन तलवार को उप निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही डॉ. ओमेश कुमार भारती को धर्मशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के पद पर तैनाती दी गई है। सभी अधिकारियों को नई तैनाती वाले स्थान पर पांच दिन के भीतर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।