हिल्सक्वीन शिमला सैलानियों से गुलजार, पर्यटन कारोबार ने पकड़ी रफ्तार
HNN/ शिमला
शिमला में सैलानियों की आवाजाही बढ़ने के चलते पर्यटन कारोबार ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। शनिवार के बाद रविवार को हिल्स क्वीन शिमला में पूरे दिन सैलानियों की चहलकदमी देखने को मिली। माल रोड से लेकर रिज मैदान तक जगह-जगह पर सैलानी मौज मस्ती करते हुए दिखाई दिए। वही सैलानियों की आवाजाही बढ़ने से पर्यटन कारोबारियों ने राहत की सांस ली है।
कारोबारियों की मानें तो मानसून सीजन के चलते फीके पड़े पर्यटन कारोबार की भरपाई विंटर सीजन करेगा। बता दें कि वीकेंड के चलते चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से सैलानियों ने शिमला का रुख किया है। शिमला के अलावा साथ लगते पर्यटन स्थलों कुफरी और नारकंडा में भी सैलानियों की आमद बढ़ी है। लक्कड़ बाजार और लोअर बाजार में पर्यटकों ने खूब खरीदारी की।
उधर, होटल स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन के सलाहकार एवं होटल कारोबारी गोपाल अग्रवाल ने कहा कि शहर में सैलानियों की आवाजाही बढ़ रही है और अगले माह तक यहां सैलानियों का हुजूम उमड़ेगा। बताया कि शहर के होटलों में 60-70 फीसदी तक कमरे बुक चल रहे है।