हीटर पर गिरने से करंट की चपेट में आया व्यक्ति, मौत
HNN/सोलन
जिला सोलन में नालागढ़ के तहत मित्तियां पंचायत के गांव डूंगानाल में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय ओम प्रकाश पुत्र निक्कुराम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश खाना खाने के बाद सोने चला गया। ठंड होने के कारण कमरे में हीटर लगा रखा था। ओमप्रकाश हीटर पर गिर गया, जिसके कारण वह करंट की चपेट में आ गया। हीटर पर गिरने से उसकी कमर में भी जख्म का निशान बन गया था।
जिसके बाद उसे तुरंत ही नालागढ़ अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी चमन लाल ने मामले की पुष्टि की है।