होलीडे स्पेशल ट्रेन / कालका-शिमला रेल मार्ग पर विंटर सीजन में होलीडे स्पेशल ट्रेन शुरू
कालका-शिमला रेल मार्ग पर विंटर सीजन में होलीडे स्पेशल ट्रेन शुरू
शीतकालीन पर्यटन को ध्यान में रखते हुए कालका-शिमला विश्व धरोहर रेल मार्ग पर होलीडे स्पेशल ट्रेन की शुरुआत की गई है। अंबाला रेलवे डिवीजन ने शुक्रवार से इस विशेष ट्रेन का संचालन शुरू करने का शेड्यूल जारी किया है, जो फरवरी के अंत तक जारी रहेगा। ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने इस ट्रेन को चलाने का निर्णय लिया है, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 52443 सुबह 8:05 बजे कालका से रवाना होगी और दोपहर 1:35 बजे शिमला पहुंचेगी। यह ट्रेन रास्ते में धर्मपुर, बड़ोग, सोलन, कंडाघाट और समरहिल में रुकेगी। वहीं, वापसी की ट्रेन नंबर 52444 शाम 4:50 बजे शिमला से रवाना होगी और इन स्टेशनों पर ठहरते हुए रात 9:45 बजे कालका पहुंचेगी।
शिमला में बढ़ती पर्यटक भीड़, ट्रेनें फुल
“पहाड़ों की रानी” शिमला में पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ रही है। कालका-शिमला टॉय ट्रेन यात्रियों के बीच खासा लोकप्रिय है, जिससे इस मार्ग की अधिकांश ट्रेनें पूरी तरह बुक चल रही हैं। विशेषकर शीतकालीन सीजन में 100 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ ट्रेनों में एडवांस बुकिंग तेज हो गई है।
जनवरी और फरवरी में ट्रेनें लगभग फुल
सूत्रों के मुताबिक, जनवरी के पहले सप्ताह तक कालका-शिमला रूट पर सभी ट्रेनों में सीटें लगभग फुल हो चुकी हैं। यात्रियों की इस भीड़ को देखते हुए होलीडे स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की गई है, जो 28 फरवरी तक जारी रहेगी। रेलवे प्रबंधन को उम्मीद है कि इस कदम से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और उनकी यात्रा का अनुभव और भी सुगम होगा।