होली पर प्रशासन सख्त, बिलासपुर में मिठाई और डेयरी दुकानों पर औचक निरीक्षण
एडीसी ओम कांत ठाकुर की अगुवाई में सैंपलिंग, मिलावट पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
बिलासपुर।
होली पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया। अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न मिठाई और डेयरी उत्पादों की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों से मिठाइयों और पनीर के सैंपल लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावट या घटिया खाद्य सामग्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी सैंपल की रिपोर्ट मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रमाणित दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें और किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें।