Loading...

1 किलो 105 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार

SAPNA THAKUR • 30 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ चंबा

जिला में पुलिस ने एक बार फिर नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस दौरान पुलिस ने एक युवक के कब्जे से 1 किलो से भी अधिक चरस बरामद की है। आरोपी की पहचान सुनील कुमार (26) पुत्र दुनीराम निवासी गांव भड़ेला तहसील सलूणी जिला चंबा के रूप में की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चंबा पुलिस की टीम सलूणी-किहार मार्ग पर चकोली के पास मौजूद थी। इस दौरान पुलिस की नजर एक व्यक्ति पर पड़ी जो कि पैदल ही सलूणी की तरफ से आ रहा था। युवक ने जैसे ही पुलिस को सामने पाया तो वह भागने का प्रयास करने लगा परंतु पुलिस ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दबोच लिया।

इस दौरान जब उसकी तलाशी ली गई तो आरोपी के पास मौजूद बैग से 1 किलो 105 ग्राम चरस बरामद हुई। उधर, खबर की पुष्टि करते हुए डीएसपी चंबा अजय कपूर ने बताया कि पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत केस दर्ज किया गया है।