12 कमरों के स्लेटपोश मकान में भड़की आग, लाखों का हुआ नुकसान
HNN/मंडी
जिला मंडी में बालीचौकी उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत भनवास में एक अग्निकांड पेश आया है। जहां 12 कमरों के स्लेटपोश मकान में आग लग गई। अग्निकांड में करीब 10 लाख के नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि गनीमत रही कि अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत भनवास के गोथला गांव में 12 कमरों के स्लेटपोश मकान में यह अग्निकांड पेश आया है। यह मकान ढालु राम, डोलु राम, सीबे राम पुत्र झली राम व प्यारे राम, भीमे राम, चमन कुमार, माघी देवी पत्नी शोभे राम का संयुक्त मकान था। इस घर को यह परिवार मवेशियों व स्टोर के लिए इस्तेमाल करते है।
दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक घर से आग की लपटें उठने लगी। आग की लपटों को देखकर जब तक गांव के लोग वहां पहुंचे तब तक मकान आधा जल गया था। हालांकि मौके पर पहुंचे सभी लोगों ने आग को बुझाने पूरी कोशिश की और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि अगर आग बुझाने में थोड़ी सी भी देर होती तो अन्य घरों को भी नुकसान हो सकता था।
वहीं पंचायत के उप प्रधान भाग सिंह भी मौके पर पहुंचे और अग्निकांड में नुकसान का आंकलन किया। उन्होंने सरकार व प्रशासन से प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग उठाई है। वहीं नायब तहसीलदार बालीचौकी हुक्कम राम ने बताया कि टीम को मौके लिए भेज गया है। प्रभावित परिवारों को नियमों के अनुसार उचित सहायता प्रदान की जाएगी।