14 वर्षीय छात्रा ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, यह है वजह…
HNN/चंबा
जिला चंबा में खैरी पुलिस थाना के तहत एनएचपीसी कालोनी में 14 वर्षीय छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने नागरिक स्वास्थ्य केंद्र डल्हौजी में शव काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतका की पहचान अरणा वत्स (14) पुत्री अमित कुमार निवासी मकान नंबर 98 गांव व डाकघर झुमरी तलैय्या जिला कोडरमा झारखंड के रूप में की गई है जाेकि अपने पिता के पास खैरी आई हुई थी।
किशोरी के पिता खैरी में ठेकेदारी करते हैं और एनएचपीसी कालोनी समलेऊ खैरी में रहते हैं। पुलिस को कमरे में एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी अपने कमरे में अकेली सोई हुई थी।
जब सुबह के समय उसने अपना कमरा नहीं खोला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया और बेटी को फंदे पर लटका पाया। जिसके बाद वह उसे नागरिक अस्पताल डलहौजी ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद इसकी सूचना खैरी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और माता-पिता के बयान दर्ज किए।
पुलिस को मृतका के कमरे से सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में अच्छे अंक न आने पर यह कदम उठाने की बात कही है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जाँच शुरू कर दी है। डीएसपी डल्हौजी हेमंत ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।
