160 पदों के लिए 6 मार्च को बिलासपुर में कैंपस इंटरव्यू, एलेना ऑटो इंडस्ट्री देगी रोजगार अवसर
एलेना ऑटो इंडस्ट्रीज मोहाली द्वारा 160 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। 6 मार्च को जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में प्रातः 10:30 बजे कैंपस इंटरव्यू आयोजित होगा।
बिलासपुर
160 पदों पर भर्ती का अवसर
एलेना ऑटो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, फेज-7 इंडस्ट्रियल एरिया मोहाली (पंजाब) द्वारा अप्रेन्टसशिप ट्रेनी के 120 और हेल्पर के 40 पद अधिसूचित किए गए हैं। इन पदों को भरने के लिए 6 मार्च को जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि अप्रेन्टसशिप ट्रेनी पदों के लिए किसी भी ट्रेड में आईटीआई (फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, ड्रिल मैन, मिलिंग मैन, मोटर मैकेनिक, शीट मेटल ऑपरेटर, वेल्डर) अथवा डिप्लोमा अनिवार्य है। हेल्पर पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं या 12वीं पास निर्धारित की गई है। पुरुष उम्मीदवारों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
वेतन और चयन प्रक्रिया
चयनित अभ्यर्थियों को 13,500 रुपये से 14,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी आवश्यक प्रमाण पत्रों के साथ निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं।