17 वर्षीय नाबालिग लड़की लापता, तलाश में जुटी पुलिस
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में पुलिस थाना खुंडियां के अंतर्गत 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने लापता लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पिता ने शिकायत में बताया कि उसकी बेटी हर रोज की तरह बुधवार सुबह सिलाई का कार्य करने घर से गई थी। जब शाम तक वापस घर नहीं लौटी तो परिजनों ने आस-पड़ोस और रिश्तेदारों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
नाबालिग के पिता ने बताया कि बेटी का फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस ने नाबालिग लड़की के पिता के बयान के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला थाना में दर्ज किया है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी रंजीत परमार ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा लापता की तलाश की जा रही है।
