Loading...

20 छात्र संख्या वाले प्राथमिक स्कूलों में अब होंगे दो जेबीटी शिक्षक, सीएम सुक्खू का बड़ा फैसला

Shailesh Saini • 52 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश के सरकारी प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि जिन प्राथमिक स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या 20 या इससे अधिक है, वहां दो जेबीटी शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

सरकार के इस फैसले का उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ-साथ एक शिक्षक पर पड़ने वाले अतिरिक्त कार्यभार को कम करना है। शिक्षा विभाग ने ऐसे प्राथमिक स्कूलों की संख्या और वहां उपलब्ध शिक्षकों की स्थिति का आकलन शुरू कर दिया है।

3 हजार से ज्यादा स्कूलों में एक शिक्षक की व्यवस्था

प्रदेश में बड़ी संख्या में प्राथमिक स्कूल अभी भी एक शिक्षक के सहारे चल रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार करीब 3,128 स्कूलों में सिंगल-टीचर व्यवस्था है। ऐसे में एक ही शिक्षक को बच्चों को पढ़ाने के साथ स्कूल के प्रशासनिक और अन्य कार्य भी संभालने पड़ते हैं।

सरकार का मानना है कि एक शिक्षक के जिम्मे पूरी कक्षा होने से बच्चों की व्यक्तिगत जरूरतों पर पर्याप्त ध्यान देना मुश्किल होता है। दो शिक्षक उपलब्ध होने से पढ़ाई को बेहतर ढंग से संचालित करने के साथ कमजोर विद्यार्थियों पर भी विशेष ध्यान दिया जा सकेगा।

छोटे स्कूलों का भी होगा संतुलित प्रबंधन

सरकार स्कूलों के युक्तिकरण और शिक्षकों की उपलब्धता को विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप व्यवस्थित करने पर भी जोर दे रही है। शिक्षा विभाग की ओर से हाल में भी शिक्षकों की कमी वाले प्राथमिक स्कूलों में जरूरत के अनुसार स्टाफ उपलब्ध करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

सरकार का यह फैसला ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के उन स्कूलों के लिए खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां कम विद्यार्थी संख्या और शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होती रही है।

Related Topics: