Loading...

21 वर्षीय महिला ने पेड़ से फंदा लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

Ankita • 11 Feb 2023 • 1 Min Read

HNN/ पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के रामनगर में एक महिला ने आत्महत्या कर मौत को गले लगाया है। हालांकि महिला ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। मृतका की पहचान मनीषा 21 वर्षीय पत्नी कुंदन सिंह निवासी उत्तराखंड गांव बकीला तहसील कालसी जिला देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, मनीषा कुछ दिनों ही पहले अपने मायके पांवटा आई थी, जहां वह घासनी में लकड़ी लेने गई थी। इस दौरान महिला ने वहां एक पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब ग्रामीण लोगों ने उसे पेड़ से लटका हुआ देखा तो इसकी सूचना तुरंत उसके पिता को दी गई। इसके बाद जब उसके पिता ने मनीषा को फंदे से लटका हुआ देखा तो उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। बता दे मनीषा की शादी डेढ़ साल पहले ही हुई थी। मामले की पुष्टि डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।