वरिष्ठ पत्रकार को दी ट्रक यूनियन अध्यक्ष ने जान से मारने की धमकी, केस दर्ज

By Ankita Published: 27 Jun 2023, 12:51 PM | Updated: 27 Jun 2023, 12:53 PM 1 min read

HNN/ ऊना

जिला ऊना के गगरेट उपमंडल के तहत एक ट्रक यूनियन अध्यक्ष द्वारा एक वरिष्ठ पत्रकार को जान से मारने की धमकी देने का मामला संज्ञान में आया है। पत्रकार अविनाश भारद्वाज उर्फ विद्रोही निवासी गांव देवली उपमंडल गगरेट ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायकर्ता के आधार पर पुलिस ने आरोपी सतीश कुमार उर्फ गोगी के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत पत्रकार अविनाश भारद्वाज ने बताया कि वह गगरेट की न्यू विशाल ट्रक ऑपरेटर यूनियन में चल रही गड़बड़ियों के खिलाफ समाचार लिख रहे हैं। इसी को लेकर ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष ने टेलीफोन पर उन्हें देख लेने और जान से मारने की धमकी दी है।

उन्होंने कहा कि ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष ने उनके समाचार पत्र के जिला कार्यालय ऊना में भी जिला प्रभारी को फोन करते हुए धमकियां दी व जिला प्रभारी से गाली-गलौज की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने मामले की पुष्टि की है।