Loading...

23 वर्षीय युवक का खून से लथपथ मिला शव, हत्या की जताई जा रही है आशंका

PRIYANKA THAKUR • 24 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN / काँगड़ा

जिला कांगड़ा के तहत आते तरसूह में आज सुबह एक युवक का शव खून से लथपथ मिला है। मृतक युवक की पहचान 23 वर्षीय रमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर युवक का शव मिला है वह घर से थोड़ी ही दूरी पर है। जब आज सुबह कुछ लोग जंगल की तरफ जा रहे थे तो उन्होंने रास्ते में खून के धब्बे देखे।

इस दौरान उन्होंने जब रास्ते से थोड़ा नीचे देखा तो वहां एक युवक खून से लथपथ पड़ा हुआ था, जो गांव का ही रहने वाला था। इसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई और परिजनों को मौके पर बुलाया गया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जब युवक को नीचे खाई से निकालकर ऊपर सड़क पर लाया तो देखा कि युवक के मुंह और सिर से काफी खून निकला हुआ था और युवक मृत अवस्था में था।

जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी ने युवक के सिर पर वार किया और उसके बाद उसे रास्ते से नीचे फेंक दिया। हालांकि पुलिस को घटनास्थल पर युवक के मोबाइल का कवर मिला है। मोबाइल का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है और धर्मशाला से फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है।