24 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा…
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर के उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत बलोह के सगास्वीं गांव में एक युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान आकाश कुमार (24) पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी गांव कपाहड़ा तहसील घुमारवीं बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें आत्महत्या की वजह सरकारी नौकरी न मिलने की बात लिखी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में आगामी जांच भी शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ढाई साल तक युवक ने केलांग में एक निजी कंपनी में नौकरी की। तीन दिन पहले उसने बिलासपुर में रेल लाइन का निर्माण कर रही कंपनी में बतौर इंजीनियर ज्वाइन किया था। युवक अधिकतर ननिहाल में बुजुर्ग नानी के साथ रहता था। शनिवार सुबह परिजनों ने युवक को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद आया।
जिसके बाद परिजन सगास्वीं चले गए। वहां जाकर देखा तो आकाश का कमरा अंदर से बंद था। जिसके बाद अंदर जाकर देखा गया तो बेटा पंखे से दुपट्टे के साथ लटका हुआ था। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया।
बता दें युवक ने अपने सुसाइड नोट में सरकारी नौकरी पाने में असमर्थ रहने का जिक्र किया है। सुसाइड नोट में उसने माता-पिता से माफी मांगी है और उन्हें नानी का ख्याल रखने के लिए लिखा है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है।