27 फरवरी को फिर से नीलाम होगी इंडियन टेक्नोमैक कंपनी की संपत्ति
अब तक इतनी बार नीलाम हो चुकी है कंपनी की संपत्ति……
HNN/ पांवटा साहिब
हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े कर एवं कर्ज घोटाले में दोषी पांवटा साहिब की इंडियन टेक्नोमैक कंपनी की एक बार फिर नीलामी होगी। अब तक इंडियन टेक्नोमैक कंपनी की 5 बार पहले भी नीलामी हो चुकी हैं। प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश पर 27 फरवरी को इंडियन टेक्नोमैक कंपनी परिसर में नीलामी रखी गई है।
इस बार 52 करोड़ 25 लाख 48,200 रूपए की नीलामी के लिए संपत्ति रखी गई है। जिसमें फिक्स्ड बिल्डिंग और शेड का रिजर्व प्राइस 14 करोड़ 20 लाख 88 हजार रुपए रखा गया है। इसके साथ ही प्लांट और मशीनरी 38 करोड़ 25 लाख 48,200 रूपए रिजर्व प्राइस रखा गया है। जो की कुल मिलाकर 52 करोड़ 25 लाख 48 हजार 200 रूपए बनता है।
पांवटा साहिब की इंडियन टेक्नोमैक कंपनी ने वर्ष 2008 से 2014 तक करीब 6000 करोड रुपए का घोटाला किया था। जिसमें 2200 करोड़ की वेट चोरी आबकारी एवं कराधान विभाग की ही थी। इसके अलावा आयकर विभाग, बिजली बोर्ड, श्रम एवं रोजगार और बैंक फ्रॉड सहित 6000 करोड रुपए का घोटाला कंपनी के प्रबंधको के द्वारा किया गया था।
इंडियन टेक्नोमैक कंपनी के मालिक राकेश शर्मा को उद्दघोषित अपराधी करार दे दिया गया है। जो की काफी लंबे समय से विदेश में छुपा बैठा है। इसके खिलाफ सीआईडी ने रेड कॉर्नर नोटिस पर जारी करवाया है। 27 फरवरी को कंपनी परिसर में होने वाली नीलामी के लिए टेंडर 15 फरवरी से मिलने शुरू हो जाएंगे। जो की 24 फरवरी तक जमा करवाने होंगे।
22 से 24 फरवरी को खरीददार कंपनी की संपत्ति का निरीक्षण कर सकते हैं। 27 फरवरी को 11:30 से लेकर शाम 5:00 बजे तक नीलामी होगी। इससे पहले वर्ष 2023 में दो बार कंपनी की नीलामी हुई। जिसमें 18 जनवरी को 6.36 करोड़ का सामान बिका था। जबकि 27 जून को 22. 75 करोड रुपए में चार शेड, 21 वाहन तथा जो दो जमीन के प्लांट बिके थे।
उधर, हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की ओर से कंपनी की नीलामी के लिए प्राधिकृत किए गए अधिकारी संयुक्त आयुक्त जीडी ठाकुर ने बताया कि प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश इंडियन टेक्नोमैक कंपनी की नीलामी 27 फरवरी को आयोजित की जा रही है। इस दिन 52 करोड़ 25 लाख की संपत्ति को नीलाम किया जाएगा।