3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा 12 हजार की रिश्वत लेने वाला ड्राफ्ट्समैन
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा के फतेहपुर उपमंडल के अंतर्गत रिश्वत लेते पकड़े गए ड्राफ्ट्समैन को वीरवार को धर्मशाला न्यायालय में पेश किया गया। यहां से आरोपी कर्मचारी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी की पहचान विवेक कुमार के रूप में हुई है जोकि सबडिवीजन सॉयल कंजरवेशन डिपार्टमैंट फतेहपुर में आऊटसोर्स पर जूनियर ड्राफ्ट्समैन है।
गौरतलब है कि बीते बुधवार को फतेहपुर के तहत जूनियर ड्राफ्ट्समैन विवेक कुमार को विजिलेंस ने 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था। आरोपी कर्मचारी ने सब्सिडी जारी करने की एवज में एक लाभार्थी से घूस मांगी थी।
आरोपी व्यक्ति विभाग में आउटसोर्स पर कार्यरत है। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने जाल बिछाकर बुधवार को आरोपी विवेक कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ धर लिया। एसपी विजिलेंस धर्मशाला बलबीर सिंह ने बताया कि अब अदालत से आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।