Loading...

3 दिन बाद पैतृक गांव पहुंची शहीद जवान हैप्पी की पार्थिव देह, नम आंखों से दी अंतिम विदाई

By Ankita Published: 22 Feb 2024, 3:19 PM | Updated: 22 Feb 2024, 3:21 PM 1 min read

HNN/ कांगड़ा

जिला कांगड़ा के 24 वर्षीय शहीद जवान हैप्पी सिंह की पार्थिव देह तीन दिन बाद आज गुरुवार को उनके पैतृक गांव पहुंची। बेटे की पार्थिव देह जैसे ही घर पहुंची तो परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। इस दौरान शहीद हैप्पी सिंह को हजारों लोगों ने अंतिम विदाई दी।

लोगों ने भारत माता की जय, शहीद हैप्पी सिंह अमर रहे…के नारे लगाए। बता दें 24 वर्षीय शहीद जवान हैप्पी सिंह कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां के गांव लिली के रहने वाले थे। गौरतलब है कि शहीद हैप्पी भारतीय सेना 26 पंजाब रेजिमेंट में लेह में सेवारत थे।

कड़ाके की ठंड में ग्लेशियर में अपनी ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ जाने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन बीते सोमवार को सुबह निधन हो गया था। जब से हैप्पी के देहांत की सूचना मिली है तब से परिवार में तीनों ने अन्न का एक दाना तक ग्रहण नहीं किया है। पूरा गांव गमगीन है।