30 वर्षीय विवाहित महिला ने निगला जहरीला पदार्थ, मौत
HNN/ऊना
जिला ऊना में पुलिस थाना बंगाणा के तहत आने वाली ग्राम पंचायत चुलहड़ी में एक 30 वर्षीय विवाहित महिला ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय कनुप्रिया पत्नी रवि कुमार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कनुप्रिया ससुराल में अनबन होने के चलते कुछ दिनों से मायके में रह रही थी।
स्वजनों के अनुसार कनुप्रिया एक सप्ताह पहले ही ससुराल में गई थी। जिस दौरान उसने कोई जहरीला पदार्थ निगकर आत्महत्या कर ली। वहीं अपनी बेटी की मौत की सुचना मिलते ही उसके परिजन गहरे सदमे में हैं। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने उसकी हत्या की आशंका भी जताई है।
वहीं सुचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धर्मशाला भेज दिया है। डीएसपी अजय ठाकुर द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मृत्यु के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है।