31 वर्षीय महिला सीएचओ ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
HNN/मंडी
जिला मंडी में थाना सदर के तहत स्वास्थ्य उप केंद्र सैन में 31 वर्षीय महिला सीएचओ ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 31 वर्षीय नेहा ठाकुर पत्नी विजय कुमार निवासी गांव जोह, डाकघर सिद्धपुर, तहसील धर्मपुर, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। सुसाइड नोट में महिला ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। मगर इसमें कर्जे का लेकर जिक्र किया है। ऐसे में पुलिस आत्महत्या का कारण ऋण का दबाव मान रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेहा ठाकुर स्वास्थ्य उप केंद्र सैन में बतौर सीएचओ तैनात थी। नेहा का पति सुजानपुर में पटवारी के पद पर तैनात है। नौकरी के कारण ही नेहा स्वास्थ्य उप केंद्र सैन के नजदीक ही अपने मायके से रहती थी और यहीं रोजाना ड्यूटी पर जाती थी। मंगलवार को भी महिला ने दिनभर स्वास्थ्य उप केंद्र में सेवाएं दीं और जरूरी काम भी निपटाया।
इस दौरान शाम के समय उन्होंने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। स्वास्थ्य उप केंद्र का दरवाजा आधा खुला होने और बाहर स्कूटी खड़े दिखने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय प्रधान को दी। इसके बाद प्रधान मौके पर पहुंचे तो अंदर फंदे पर महिला सीएचओ को झूलते हुए पाया। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान पुलिस को स्वास्थ्य उप केंद्र में एक सुसाइड नोट मिला। पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि की है।