34 वर्षीय व्यक्ति ने उठाया खौफनाक कदम, फंदा लगाकर की आत्महत्या
HNN/काँगड़ा
जिला काँगड़ा में जवाली के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत हरनोटा में एक 34 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मलकीयत सिंह (34) पुत्र गोरखू राम निवासी भरमाड़ ग्राम पंचायत हरनोटा वार्ड नंबर-दो के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मलकीयत सिंह रविवार को घर पर अकेला था। उसके माता-पिता सत्संग सुनने राजा का तालाब गए हुए थे और पत्नी मायके में गई हुई थी। इसी दौरान उसने घर से करीब 150 मीटर दूर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब किसी राहगीर ने शव को पेड़ से लटका देखा तो इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी और पंचायत उपप्रधान रफीक मुहम्मद को भी बताया गया।
जिसके बाद उपप्रधान ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।