40 वर्षीय व्यक्ति ने लोहे की कुंडी से लटक कर की आत्महत्या
HNN/कांगड़ा
जिला काँगड़ा में पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत आने वाले भरमाड़ गांव में एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान हेमराज (40) निवासी गांव भरमाड़ के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेमराज अपनी माता सत्या देवी के साथ घर में रहता था और घर के नजदीक निर्मित पीर बाबा के मंदिर में सेवा करता था। वह मानसिक तौर पर भी थोड़ा परेशान रहता था। इसी दौरान रविवार को दोपहर के समय हेमराज ने पंखे की लोहे की कुंडी के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
थोड़ी देर बाद जब उसकी मां किसी काम से अंदर आई तो अपने बेटे को लटका देख उसके होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। मृतक की मां की आवाज सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोग ने पंचायत प्रधान सुशील कुमार को और पुलिस थाना जवाली को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम डीएसपी जवाली बीरी सिंह के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। साथ ही परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि की है।