Loading...

40 एनसीसी कैडेट्स राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के लिए रवाना

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक के 40 एनसीसी कैडेट्स वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय पेखुबेला रवाना हुए।यह दस दिवसीय शिविर 1 से 10 जुलाई तक 6 एच.पी. (आई) कंपनी एनसीसी, ऊना के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।शिविर में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग और नेतृत्व विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत बनाने की दिशा में राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक के 40 एनसीसी कैडेट्स बुधवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, पेखुबेला (ऊना) में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-245) में भाग लेने के लिए रवाना हुए। यह दस दिवसीय शिविर 6 एच.पी. (आई) कंपनी एनसीसी, ऊना के तत्वावधान में एक से 10 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। दल में 19 सीनियर डिवीजन (एसडी) तथा 21 सीनियर विंग (एसडब्ल्यू) कैडेट शामिल हैं।शिविर के दौरान कैडेटों को ड्रिल, सैन्य एवं हथियार प्रशिक्षण, फायरिंग, मैप रीडिंग, साहसिक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके माध्यम से उनमें अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक दक्षता का विकास किया जाएगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने कैडेटों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त मंच है। उन्होंने कैडेटों से प्रशिक्षण शिविर की प्रत्येक गतिविधि में पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ भाग लेने का आह्वान किया तथा विश्वास जताया कि वे अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।एनसीसी अधिकारी एवं सहायक आचार्य अर्श सिंह राणा भी कैडेटों के साथ शिविर स्थल तक गए। उन्होंने कहा कि शिविर कैडेटों को नई सीख, बेहतर अनुभव और नेतृत्व कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने सभी कैडेटों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।