45 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर में पुलिस थाना झंडूता के अंतर्गत आने वाले गांव कोटलू बैहरन के 45 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मृतक की पहचान संजीव कुमार (45) पुत्र सोहन लाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संजीव कुमार झंडूता में सुनार की दुकान करता था।
मृतक की पत्नी पुष्पा देवी ने पुलिस को बताया कि बीते कल सुबह के समय वह और उसका बेटा किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। जब देर शाम को वह घर आई तो पति को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए। वह चिल्लाई तो उसका देवर राजीव कुमार तुरंत मौके पर पहुंचा। जिसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से व्यक्ति को नीचे उतारा और झंडूता अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुष्पा देवी ने बताया कि उसके पति ने 7 महीने पहले गांव काहरवीं (मातला) निवासी बाबू राम पुत्र ध्यान सिंह से डेढ़ लाख रुपए उधार लिए हुए थे। इसमें से उसके पति ने 1 लाख 20 हजार रुपए उसे लौटा दिए थे। उसके बाद भी बाबू राम उसके पति से बार-बार पैसों की मांग रहा था और उसके पति से 2 चैक खाली भी ले लिए थे। जिन्हें वह बैंक में लगाकर बार-बार पैसे वसूलने की धमकियां दे रहा था और फोन करके मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
बीते कल उसका पति अस्पताल अपना चैकअप करवाने के लिए भी गया हुआ था। महिला ने कहा कि उसका पति इन बातों से काफी ज्यादा परेशान था, जिसके चलते उसने इतना बड़ा कदम उठाया है। पुलिस महिला के बयान के आधार पर उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीएसपी बिलासपुर मनीष चौधरी ने मामले की पुष्टि की है।
