46 वर्षीय टैक्सी चालक की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
HNN/ मंडी
जिला मंडी में एक टैक्सी चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजेंद्र (46) निवासी बैजनाथ के हरेड़ गांव के रूप में हुई है। वहीं, नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर साक्ष्य जुटा लिए हैं। साथ ही पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, टैक्सी चालक राजेंद्र रविवार को जोगिंद्रनगर में अपने किसी रिश्तेदार के यहां पहुंचा था। दोपहर बाद वह पर्यटन नगरी मनाली के लिए अपनी टैक्सी में सवार होकर रवाना हो गया था। सोमवार को मंडी-पठानकोट हाईवे पर छांणग के समीप उनकी टैक्सी स्टार्ट खड़ी थी।
इसके बाद सुबह करीब आठ बजे गहरी खाई में शव बरामद हुआ। सिर पर गंभीर चोट को देखते मौके पर मौजूद लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। डीएसपी पधर दिनेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है।