5 दिन से टनल में फंसा मंडी का विशाल, माँ बोली- मेरे बच्चे को जल्दी सुरक्षित घर भेज दो
HNN/ मंडी
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल में फंसे 40 लोग अभी भी बाहर नहीं निकल पाए है। इन सभी में हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के बल्ह घाटी के सिध्याणी पंचायत के बंगोट गांव का विशाल भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, टनल में फंसे विशाल ने बीती रात 12 बजे उसके भाई योगेश से बातचीत की। योगेश ने बताया कि विशाल ने बातचीत में बताया कि वह ठीक है, लेकिन पांच दिन बीतने पर भी रेस्क्यू न होने पर चिंता जताते हुए कहा कि आखिरकार देरी क्यों हो रही है।
बता दें पांच दिन बीत जाने के बाद भी लोगों को बाहर न निकाले जाने को लेकर परिजनों में सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विशाल की माँ उर्मिला का बस एक ही कहना है कि उसके बच्चे को सुरक्षित घर भेज दो, बाकी उसे कुछ नहीं चाहिए। सभी परिजन विशाल की सलामती की दुआ मांग रहे हैं।