5 से 9 अप्रैल तक सजेगा राज्य स्तरीय घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव
पारंपरिक पशु मेला 4 अप्रैल को, शोभायात्रा से होगा आगाज़; महिला कुश्ती, बेबी शो और बुजुर्ग सम्मान भी आकर्षण
घुमारवीं (बिलासपुर)।
राज्य स्तरीय घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव 5 से 9 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा, जबकि 4 अप्रैल को पारंपरिक पशु मेले का आयोजन होगा। यह जानकारी नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
बैठक में एसडीएम घुमारवीं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।मंत्री ने कहा कि ग्रीष्मोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक है, इसलिए इसे भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए।
हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले का शुभारंभ शिव मंदिर से शोभायात्रा के साथ होगा, जो मेला ग्राउंड तक पहुंचेगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू होगी, जिसमें स्थानीय कलाकारों, विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां होंगी।
मेले में पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता विशेष आकर्षण रहेगी। इस बार महिला कुश्ती को भी शामिल किया गया है। साथ ही स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को भी प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा।
खेलकूद प्रतियोगिताओं के तहत हैंडबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और शतरंज सहित अन्य खेलों का आयोजन होगा। मंत्री ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा देती हैं, इसलिए इन्हें प्राथमिकता दी जाए।इस वर्ष मेले में बेबी शो, डॉग शो और बुजुर्ग सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
बुजुर्ग सम्मान कार्यक्रम में 70 से 90 वर्ष, 90 से 100 वर्ष तथा 100 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
बैठक में मेला ग्राउंड की साफ-सफाई, बिजली और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर पुलिस विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अग्निशमन विभाग को सुरक्षा प्रबंध मजबूत रखने तथा खाद्य आपूर्ति विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया।बैठक के बाद मंत्री ने अधिकारियों के साथ मेला ग्राउंड का निरीक्षण भी किया।
इस अवसर पर निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल, उपाध्यक्ष श्याम शर्मा, एचपीएमसी के अध्यक्ष सतपाल वर्धन, पूर्व पार्षद कपिल, मनोनीत सदस्य देशराज और व्यापार मंडल अध्यक्ष हेमराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।