5,043 मवेशी लंपी रोग से संक्रमित, तीन और नए मामले
HNN / बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश में अब लंपी रोग का प्रकोप काफी कम हो गया है। पशुपालन विभाग ने समय रहते संक्रमण पर नियंत्रण पा लिया है । हालांकि कुछ जिलों में अभी भी इसके मामले देखने को मिल रहे हैं, लेकिन पहले के मुकाबले अब काफी कम मामले सामने आ रहे हैं। बता दें कि जिला बिलासपुर में सोमवार को तीन मामले सामने आए।
राहत की बात ये है कि 4 मवेशी स्वस्थ भी हुए हैं। जिला बिलासपुर में यदि लंपी रोग के मामलों पर एक नजर डाली जाए तो यहां 27 जुलाई को पहला मामला सामने आया था। उसके बाद यहां लंपी रोग का कहर देखने को मिला। जिला में अब तक 5043 मवेशी लंपी रोग से संक्रमित हुए हैं, और 355 मवेशियों की इस रोग से मौत भी हो गई है।
उधर, पशुपालन विभाग बिलासपुर के उप निदेशक विपिन कुमार ने बताया कि विभाग लंपी रोग के मामले में पूरी तरह से संवेदनशील है। अभी भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पूरे समन्वय के साथ रोग की रोकथाम का कार्य हो रहा है।