Loading...

6 लाख स्कूली छात्रों को दी जाएंगी स्टेनलेस स्टील बोतलें, प्लास्टिक इस्तेमाल पर चालान भी होगा ऑनलाइन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 6 Jun 2025 • 1 Min Read

शिमला

विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कई बड़ी घोषणाएं कीं

हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में अब छह लाख विद्यार्थियों को स्टेनलेस स्टील की पेयजल बोतलें वितरित की जाएंगी। इस पहल की घोषणा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विश्व पर्यावरण दिवस पर शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने कहा कि प्रदेश को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर चलेगा ऑनलाइन चालान

मुख्यमंत्री ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाते हुए ऑनलाइन चालान प्रणाली की शुरुआत की। उन्होंने ‘सिंगल यूज प्लास्टिक चालान मोबाइल ऐप’ भी लॉन्च किया, जिसके माध्यम से प्लास्टिक के दुरुपयोग पर अब डिजिटल माध्यम से चालान काटा जाएगा।

डिजिट रिफंड प्लास्टिक स्क्रीन प्रणाली भी हुई शुरू

मुख्यमंत्री ने ‘डिजिट रिफंड प्लास्टिक स्क्रीन’ भी लॉन्च की, जिसके तहत प्लास्टिक की बोतलों को रीसाइक्लिंग के लिए जमा कर मुआवजा प्राप्त किया जा सकेगा। इस तकनीक का उद्देश्य प्लास्टिक अपशिष्ट को कम करना और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना है।

पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वर्ष 2030 तक हिमाचल को ‘प्लास्टिक न्यूट्रल’ राज्य बनाना चाहती है और इसके लिए सरकार जनभागीदारी को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि स्कूली स्तर पर ही पर्यावरणीय शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। इस अभियान के तहत डिजिटल माध्यमों और स्कूल प्रतियोगिताओं के ज़रिए विद्यार्थियों को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।