9 दिनों से लापता युवक का क्षत-विक्षत अवस्था में मिला शव , मामला दर्ज

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 25 Feb 2025, 6:37 PM | Updated: 25 Feb 2025, 6:37 PM 1 min read

Himachalnow / काला आम

युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद
नाहन : पुलिस थाना कालाअंब के अंतर्गत मोगीनंद में एक युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला है। मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी जिला मुख्यालय रमाकांत ठाकुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नाहन भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

शव मिलने की सूचना और जांच प्रक्रिया
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे पुलिस थाना कालाअंब को सूचना मिली कि मोगीनंद के पास प्रताप ठेकेदार के घर के सामने एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां सड़क से नीचे ढलान में पेड़ों के पास युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया गया।

मृतक की पहचान और पृष्ठभूमि
शव की पहचान राजीव (24) पुत्र लाखन सिंह, निवासी गांव जलाल नगर, तहसील ओला, जिला बरेली के रूप में हुई है। राजीव मोगीनंद में रह रहा था और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 16 फरवरी को कालाअंब पुलिस थाना में दर्ज करवाई गई थी।

परिजनों का बयान और पुलिस जांच
मृतक के परिजनों ने बताया कि राजीव शराब का आदी था और उन्होंने उसकी मृत्यु को लेकर किसी भी प्रकार का शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है।