नेशनल हाईवे पर चलती कार में लगी आग, बड़ा हादसा टला
शाहपुर: पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। हालांकि, चालक समय रहते बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की है, जब निसान मैग्नाइट कार शाहपुर से पठानकोट की ओर जा रही थी। कार में केवल चालक सवार था। जैसे ही गाड़ी जौंटा के पास पहुंची, अचानक कार से धुआं निकलने लगा। चालक मनु (निवासी शाहपुर) ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और बाहर निकला।
धुएं के कुछ ही सेकंड बाद कार में आग लग गई, जिससे देखते ही देखते चारों तरफ धुआं फैल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पानी और अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
सौभाग्य से इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक यह तकनीकी खराबी के कारण हो सकता है।