घालूवाल में गुरुवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक श्रद्धालु दंपति घायल हो गया। मृतक युवक की पहचान निखिल पुत्र विजय कुमार निवासी नंगल खुर्द के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पीरनिगाह से लौट रहे थे श्रद्धालु
सूत्रों के अनुसार, श्रद्धालु सतेंद्र और उनकी पत्नी मीना, निवासी कपूरथला (पंजाब), पीरनिगाह मंदिर में माथा टेकने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घालूवाल के पास उनकी बाइक की टक्कर निखिल की बाइक से हो गई।
मौके पर पहुंचकर लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान निखिल की मृत्यु हो गई। श्रद्धालु दंपति को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
एसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

