Loading...

Accident / कुल्लू के आनी में कार पर गिरे पत्थर, खाई में गिरी गाड़ी; डॉक्टर दंपती की मौत, बेटी घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 31 Jul 2026 • 1 Min Read

Accident / कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में डॉक्टर दंपती की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई। राणाबाग-देहुरी सड़क पर करोईगाड़ के पास पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने के बाद कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

कुल्लू/आनी

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 10:15 बजे हुआ। कार (एचपी 92 ए 4300) में आनी के अमरबाग निवासी 60 वर्षीय डॉ. बृज लाल, उनकी 54 वर्षीय पत्नी सुनीता और 18 वर्षीय बेटी भव्या सवार थे। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे, जिनकी चपेट में आने से वाहन चालक संतुलन खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में डॉ. बृज लाल और उनकी पत्नी सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी भव्या घायल हो गई।

घायल बेटी का अस्पताल में चल रहा उपचार

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घायल भव्या को तुरंत आनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। बताया गया कि डॉ. बृज लाल रामपुर स्थित एक निजी अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Topics: