Loading...

हादसा / सिरमौर में हादसों ने छीनी चार जिंदगियां, 15 सड़कें बंद, 69 पेयजल योजनाएं प्रभावित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 49 Mins Ago • 1 Min Read

सराहां के पास कार दुर्घटना में तीन की मौत, नाहन में सर्पदंश से युवक की गई जान, मौसम के असर से जनजीवन भी प्रभावित

नाहन

जिला सिरमौर में सोमवार का दिन कई परिवारों के लिए दुखद साबित हुआ। जिले में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। पच्छाद उपमंडल के सराहां के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि नाहन क्षेत्र में सर्पदंश से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वहीं मौसम के प्रभाव के चलते जिले की 15 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं और जल शक्ति विभाग की 69 पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) से प्राप्त जानकारी के अनुसार पच्छाद उपमंडल के सराहां के निकट कार (एचपी-16एए-4719) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान घारगोना प्लाशो निवासी 48 वर्षीय रीना शर्मा, सराहां निवासी 65 वर्षीय अधिकारी जेटाली तथा उनकी 60 वर्षीय पत्नी उर्मिला जेटाली के रूप में हुई है। हादसे में अधिकारी जेटाली के 34 वर्षीय पुत्र यशस्वी जेटाली गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उधर, नाहन तहसील के कोंथरो मोजा देवानी गांव में सर्पदंश की एक दुखद घटना सामने आई। यहां 18 वर्षीय अरमान अली को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। युवक की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

दूसरी ओर, जिले के कई हिस्सों में मौसम के प्रभाव से लोक निर्माण विभाग को भी नुकसान पहुंचा है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 15 सड़कें अवरुद्ध हैं। इनमें संगड़ाह मंडल की तीन, शिलाई मंडल की छह तथा नाहन मंडल की छह सड़कें शामिल हैं। प्रारंभिक आकलन में विभाग को करीब 55.55 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। बंद सड़कों को खोलने के लिए मशीनें और कर्मचारियों की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं।

जल शक्ति विभाग भी मौसम के असर से प्रभावित हुआ है। विभाग की 69 पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं बाधित हुई हैं। इनमें नाहन मंडल की 31, शिलाई की 26, संगड़ाह की 9 तथा राजगढ़ की 3 योजनाएं शामिल हैं। प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति बहाल करने के लिए विभागीय टीमें मरम्मत कार्य में लगी हुई हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।