Loading...

Accident / चंबा सड़क हादसे के बाद गैहरा गांव में पसरा मातम, एक ही परिवार की पांच मौतों से हर आंख नम

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

Accident : चंबा के लाहड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के बाद गैहरा गांव शोक में डूब गया है। मंगलवार को गांव में सामान्य गतिविधियां पूरी तरह थम गईं और अधिकांश घरों में चूल्हे तक नहीं जले। रात को जब पांचों शव गांव पहुंचे तो परिजनों के विलाप से माहौल बेहद गमगीन हो गया। बुधवार को सभी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

चंबा/गैहरा

भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे की खबर गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतकों के घर पर सुबह से ही रिश्तेदारों, ग्रामीणों और परिचितों का आना-जाना लगा रहा। हर ओर हादसे की चर्चा थी और लोग शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी ऐसा मंजर नहीं देखा, जब एक ही परिवार के पांच सदस्यों को एक साथ अंतिम विदाई देने की तैयारी करनी पड़ी हो।

शव पहुंचते ही गम में डूबा पूरा गांव

मंगलवार रात करीब आठ बजे पोस्टमार्टम के बाद जब पांचों शव गांव लाए गए तो माहौल और अधिक भावुक हो गया। परिजन अपनों को देखकर बिलख उठे, जबकि आसपास मौजूद ग्रामीण उन्हें संभालने का प्रयास करते रहे। गांव में देर रात तक शोक का माहौल बना रहा और लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े दिखाई दिए।

बारिश और 500 फीट गहरी खाई के बीच चला राहत अभियान

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस, अग्निशमन विभाग और बचाव दल के साथ मिलकर राहत कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगातार बारिश, फिसलन और करीब 500 फीट गहरी खाई जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद ग्रामीण रस्सियों और अन्य उपकरणों के साथ नीचे उतरे और कई घंटे तक अभियान में जुटे रहे। संयुक्त प्रयासों से पांचों शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल डलहौजी भेजा गया।

Related Topics: