Accident / हराबाग फोरलेन पर बाइक बिजली के पोल से टकराई, युवक-युवती गंभीर घायल
Accident / सुंदरनगर के हराबाग फोरलेन पर रविवार तड़के हुए सड़क हादसे में एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों चंडीगढ़ से मंडी की ओर मोटरसाइकिल पर आ रहे थे कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे विद्युत पोल से टकरा गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज और फिर बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। वर्तमान में दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सुंदरनगर
पुलिस थाना सुंदरनगर में दर्ज शिकायत में शिकायतकर्ता चित्रकला (28), निवासी गांव सरांडा, डाकघर पंडोह, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह देहरादून के एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत हैं। एक अगस्त को वह चंडीगढ़ में अपने मित्र कमल राणा (26), निवासी गांव देवधार, डाकघर तल्याहड़ के साथ मध्यरात्रि करीब एक बजे मोटरसाइकिल पर चंडीगढ़ से मंडी के लिए रवाना हुए। सुबह करीब साढ़े पांच बजे हराबाग फोरलेन के पास उनकी बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई।
हादसे में दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों घायलों को सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया, जहां से उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया। एम्स में उपचार के बाद दोनों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
शिकायतकर्ता ने अपने बयान में हादसे के लिए बाइक चालक कमल राणा की तेज रफ्तार और लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मामले में जांच जारी है।