यशवंत नगर में कचरा निस्तारण की व्यवस्था नहीं, गिरी नदी पर प्रदूषण का खतरा
यशवंत नगर में कचरा निस्तारण की समुचित व्यवस्था नहीं होने से खुले में फेंका जा रहा कूड़ा गिरी नदी के लिए प्रदूषण का खतरा बन गया है। कस्बे में रैन शेल्टर नहीं होने और सार्वजनिक शौचालय की बदहाल स्थिति के कारण यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र को विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अधीन लाकर सुनियोजित विकास करने की मांग उठाई है।
राजगढ़
हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार के नाम पर बसे यशवंत नगर में 100 से अधिक दुकानें, होटल, ढाबे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। इनसे प्रतिदिन निकलने वाले कचरे के निस्तारण के लिए उचित व्यवस्था नहीं है। कूड़ा खुले में और नालियों के किनारे फेंका जा रहा है, जिसके बारिश के दौरान गिरी नदी में पहुंचने की आशंका बनी रहती है। नदी में स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी यह स्थिति चिंता का कारण बनी हुई है।
रैन शेल्टर नहीं, सार्वजनिक शौचालय भी बदहाल
यशवंत नगर से रोजाना 50 से अधिक बसें गुजरती हैं, लेकिन यात्रियों के लिए रैन शेल्टर उपलब्ध नहीं है। लोक निर्माण विभाग की ओर से पहले बनाया गया रैन शेल्टर रखरखाव के अभाव में ध्वस्त हो चुका है। अब यात्रियों को डॉ. परमार की प्रतिमा के सामने बने छोटे से छज्जे के नीचे बसों की प्रतीक्षा करनी पड़ती है। बारिश और तेज धूप के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की परेशानी बढ़ जाती है। सार्वजनिक शौचालय की क्षतिग्रस्त सीटें और सफाई का अभाव भी समस्या को गंभीर बना रहे हैं।
बीडीओ के समक्ष उठाया गया मामला
स्थानीय लोगों ने यशवंत नगर जैसे महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार की स्थिति सुधारने और इसे विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अधीन लाने की मांग की है। ग्राम पंचायत करगानू के प्रधान भीम सिंह ने बताया कि कचरा निस्तारण का मामला बीडीओ राजगढ़ के समक्ष उठाया गया है। सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत के लिए सुलभ शौचालय कंपनी से भी संपर्क किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कचरा प्रबंधन और यात्री सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान निकलेगा।
