श्री रेणुका जी मेले में झील परिसर के पास नहीं लगेंगे व्यापारिक स्टॉल, 19 नवंबर को होगा शुभारंभ
अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला 2026 का छह दिवसीय आयोजन उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। मेले का विधिवत शुभारंभ 19 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परशुराम ताल और रेणुका झील परिसर में किसी भी प्रकार के व्यापारिक स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं होगी। मेले को प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।
नाहन
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने श्री रेणुकाजी पहुंचकर मेले की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शुभारंभ से पहले उप-मुख्यमंत्री संगड़ाह और ददाहू के बस स्टैंड की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद वह ददाहू से लाना चेता और ददाहू से पांवटा साहिब के लिए बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उपायुक्त ने हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से मेले में भाग लेने और प्रशासनिक व्यवस्था में सहयोग करने का आग्रह किया।
प्लास्टिक मुक्त आयोजन के लिए विशेष व्यवस्था
मेला परिसर को प्लास्टिक मुक्त रखने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर जागरूकता संबंधी साइन बोर्ड और होर्डिंग लगाए गए हैं। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं और अन्य आगंतुकों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्राकृतिक पत्तों से बनी पत्तलों की व्यवस्था भी की गई है। साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महाविद्यालयों और स्कूलों के एनएसएस विद्यार्थियों से सहयोग मांगा गया है।
उपायुक्त ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना करते हुए परशुराम ताल और रेणुका झील परिसर में व्यापारिक स्टॉल नहीं लगाए जाएंगे। मेले की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत संचालित होंगी। उन्होंने श्रद्धालुओं और आगंतुकों से प्रशासन के नियमों का पालन करने, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की, ताकि आयोजन पर्यावरण के अनुकूल ढंग से संपन्न हो सके।
तैयारियों की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी, अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर एकता काप्टा, उपमंडलाधिकारी नाहन राजीव सांख्यान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने संबंधित विभागों को मेले के दौरान सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
