Loading...

Accident / रामपुर में एचआरटीसी बस हादसा: परिचालक समेत दो की मौत, कई घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 43 Mins Ago • 1 Min Read

Accident : शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में एचआरटीसी की बस दुर्घटना में परिचालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना गरटोला के पास हुई, जिसके बाद घायलों को खनेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन ने राहत कार्य शुरू करते हुए मृतकों के परिजनों को फौरी राहत राशि जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

शिमला

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एचआरटीसी की एक बस दुर्घटनाग्रस्त होने से परिचालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसा शाम करीब साढ़े छह बजे रामपुर–खड़ाहण–कोटाधार–खोलीघाट मार्ग पर गरटोला के समीप हुआ, जब एचआरटीसी की बस (एचपी 06ए-6454) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में करीब 22 यात्री सवार थे। हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी (निवासी गांव घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी) तथा 72 वर्षीय डाकू राम (निवासी गांव शाहदू, तहसील ननखड़ी) की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों को तुरंत महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि राहत नियमों के तहत स्थानीय मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी कर दी गई है। दूसरे मृतक के संबंध में आवश्यक रिपोर्ट मिलते ही राहत राशि भी जारी कर दी जाएगी।उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। वहीं, एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी स्वयं खनेरी अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि सभी प्रभावितों को समय पर आवश्यक सहायता मिल सके।मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Related Topics: