Loading...

अजोली मोड़ टोल बैरियर पर भाजपा व विभिन्न यूनियनों का प्रदर्शन, बढ़ी एंट्री फीस के विरोध में जाम

PRIYANKA THAKUR • 2 Apr 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

अजोली मोड़ टोल बैरियर पर भाजपा नेताओं और विभिन्न यूनियनों ने एंट्री फीस बढ़ोतरी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान टोल बैरियर को जाम कर दिया गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार से नोटिफिकेशन वापस लेने और आम जनता को अतिरिक्त बोझ से बचाने की मांग की।

ऊना


हिमाचल प्रदेश में एंट्री फीस में बढ़ोतरी के विरोध में आज अजोली मोड़ टोल बैरियर पर भाजपा नेताओं और विभिन्न यूनियनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिला भाजपा महामंत्री लखबीर सिंह लक्खी और हरोली बीत एरिया भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें ट्रक यूनियन टाहलीवाल, टैक्सी यूनियन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।सुबह करीब 9:30 बजे से ही टोल बैरियर को जाम कर दिया गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। इस दौरान आम जनता और पुलिस प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला महामंत्री लखबीर सिंह लक्खी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने सदन में एंट्री फीस बढ़ोतरी की नोटिफिकेशन वापस लेने की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद सुबह से ही बढ़े हुए रेटों पर पर्चियां काटी जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को गुमराह कर रही है और इसकी गलत नीतियों के कारण आम लोग परेशान हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रदेश में सरकार चल रही है या ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहे हैं।

वहीं भाजपा नेता अशोक कुमार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नई नोटिफिकेशन जारी नहीं की गई, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और सभी यूनियनें आम जनता के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और किसी भी कीमत पर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कल तक नई अधिसूचना जारी नहीं हुई, तो अजोली मोड़ बैरियर को पूरी तरह जाम कर दिया जाएगा।

इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि वे सरकार द्वारा जारी वर्तमान नोटिफिकेशन के अनुसार ही कार्रवाई कर रहे हैं और नई अधिसूचना आने पर उसी के अनुसार अमल किया जाएगा।प्रदर्शन में निहंग सिंह जत्थेबंदी रोपड़ के प्रतिनिधि, ट्रक यूनियन टाहलीवाल, टैक्सी यूनियन टाहलीवाल के सदस्य और कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Topics: