Campus Interview / सिरमौर में 350 पदों पर भर्ती, सात रोजगार कार्यालयों में होंगे इंटरव्यू
Campus Interview / सिरमौर जिले में सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर और जीटीओ के कुल 350 पद भरने के लिए विभिन्न रोजगार कार्यालयों में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। एसआईएस इंडिया लिमिटेड, देहरादून की इस भर्ती प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू 16 नवंबर से 2 दिसंबर तक अलग-अलग तिथियों पर होंगे। सभी केंद्रों में इंटरव्यू का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
सिरमौर/नाहन
जिला रोजगार अधिकारी सिरमौर देविन्द्र कुमार ने बताया कि 16 और 17 नवंबर को जिला रोजगार कार्यालय नाहन तथा 18 और 19 नवंबर को उप रोजगार कार्यालय पांवटा साहिब में इंटरव्यू होंगे। इसके बाद 20 और 21 नवंबर को शिलाई, 23 और 25 नवंबर को कमरऊ, 26 और 27 नवंबर को संगड़ाह, 28 और 30 नवंबर को राजगढ़ तथा 1 और 2 दिसंबर को उप रोजगार कार्यालय सराहां में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
योग्यता और शारीरिक मापदंड
इन पदों के लिए उम्मीदवार का कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है। निर्धारित आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रखी गई है। अभ्यर्थी की लंबाई 168 सेंटीमीटर या इससे अधिक और वजन 55 से 90 किलोग्राम के बीच होना चाहिए। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तिथि पर संबंधित रोजगार कार्यालय में रिज्यूमे, 10वीं का प्रमाणपत्र, स्थायी हिमाचली प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट आकार के फोटो और अन्य शैक्षणिक प्रमाणपत्र लेकर पहुंच सकते हैं।
चयन के बाद देना होगा प्रशिक्षण शुल्क
चयनित अभ्यर्थियों को विवरण पुस्तिका और पंजीकरण शुल्क के रूप में 350 रुपये का भुगतान करना होगा। इसके अतिरिक्त 10,900 रुपये प्रशिक्षण शुल्क निर्धारित किया गया है। भर्ती प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार 8006303900 और 7905086105 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कैंपस इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।