ALERT / भारत-पाक तनाव के बीच हिमाचल हाई अलर्ट पर , अस्पतालों में छुट्टियों पर रोक – 24 घंटे तैयार रहेंगी आपात सेवाएं
शिमला
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने पर हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं – आपात सेवाओं को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश।
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और ऑपरेशन सिंदूर के बाद केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को एडवाइजरी जारी की है। इसके बाद हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सरकार ने अस्पतालों, एयरपोर्ट और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है।
अस्पतालों में 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी आपात सेवाएं
हिमाचल प्रदेश के सभी अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि वे बेड की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
- सभी ट्रॉमा सेंटर, लेबोरेट्री और इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे संचालित रहेंगी।
- दवाइयों, ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।
- अस्पताल कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एयरपोर्ट कनेक्टिविटी बंद
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि हिमाचल में सभी एयरपोर्ट कनेक्टिविटी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के सभी डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की लंबी छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सभी कर्मचारियों को आपात स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।