चिठ्ठा भगाओ, अपनी पंचायत को नशा मुक्त बनाओ: अंतर्राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ प्रदेश अध्यक्ष: विनोद शर्मा
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद शर्मा ने प्रदेश सरकार के नशा विरोधी अभियान का समर्थन करते हुए समाज से सामूहिक रूप से नशे के खिलाफ आगे आने की अपील की। उन्होंने अभियान के दूसरे चरण के तहत “चिठ्ठा भगाओ, अपनी पंचायत को नशा मुक्त बनाओ” का नारा देते हुए पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासन और आम जनता से जागरूकता अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद शर्मा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार के नशा विरोधी अभियान का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि समाज को नशे की दलदल से बाहर निकालने के लिए धरातल पर सामूहिक प्रयासों की जरूरत है। संघ द्वारा पूर्व में शुरू किए गए ‘नशा नहीं, जिंदगी चुनो’ अभियान के तहत राज्यपाल और मुख्यमंत्री को सौंपे गए सुझावों पर अब विभिन्न विभागों में काम शुरू हो चुका है।अब अभियान के दूसरे चरण का आगाज करते हुए उन्होंने नारा दिया। कहा “चिठ्ठा भगाओ, अपनी पंचायत को नशा मुक्त बनाओ।” उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से आगे आकर अपने स्तर पर नशे के खिलाफ आवाज उठाने और लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
नशे के खिलाफ मुस्तैदी के लिए उन्होंने शिमला के एसपी गौरव सिंह और नूरपुर की एसपी इल्मा अफ़रोज़ जैसे पुलिस कप्तानों के कार्य की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने जिला उपायुक्तों से बीडीओ और शिक्षा विभाग को निर्देश देने का आग्रह किया ताकि स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों में विशेष जागरूकता शिविर लगाए जा सकें। उन्होंने ड्रग्स विभाग को भी मेडिकल स्टोरों पर निगरानी बढ़ाने की सलाह दी। अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपने आसपास किसी भी प्रकार के नशे की सूचना तुरंत पुलिस को दें, क्योंकि जनता और पुलिस के मजबूत तालमेल से ही हिमाचल पूरी तरह नशा मुक्त बन पाएगा।