Loading...

अर्की के नेवड़ी में 4.5 करोड़ रुपये की एक मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना शुरू

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कशलोग के नेवड़ी गांव में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित एक मेगावाट क्षमता वाली सौर ऊर्जा परियोजना शुरू हो गई है। विधायक संजय अवस्थी ने परियोजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण और भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने नेवड़ी गांव के लिए 15 सोलर लाइटें उपलब्ध करवाने के साथ ही दो महिला मंडलों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।

अर्की के नेवड़ी में 4.5 करोड़ रुपये की एक मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना शुरू

सोलन/अर्की

विधायक संजय अवस्थी ने भागीरथ शर्मा द्वारा स्थापित सौर ऊर्जा परियोजना के शुभारंभ के बाद कहा कि वर्तमान समय में नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग आवश्यक है। सौर ऊर्जा पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ ऊर्जा संरक्षण और सतत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सौर ऊर्जा का अधिक उपयोग पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता और कार्बन उत्सर्जन कम करने में सहायक होगा।

अर्की के नेवड़ी में 4.5 करोड़ रुपये की एक मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना शुरू

संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की गई हैं। गाय और भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी तथा प्राकृतिक खेती से उगाई जाने वाली मक्की, गेहूं और हल्दी के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि से किसानों और पशुपालकों को उनके उत्पादों के उचित दाम प्राप्त करने में मदद मिल रही है।

अर्की के नेवड़ी में 4.5 करोड़ रुपये की एक मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना शुरू

सोलर लाइट और महिला मंडलों के लिए घोषणा

विधायक ने नेवड़ी में महिला मंडल भवन और गांव खाली में वर्षा शालिका के निर्माण के लिए संबंधित विभाग के प्राकलन के अनुसार आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने नेवड़ी गांव में 15 सोलर लाइटें उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इसके अलावा महिला मंडल कशलोग और महिला मंडल नेवड़ी को 11-11 हजार रुपये देने की भी घोषणा की गई।

इसके बाद विधायक ने ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निवारण सुनिश्चित करने और लंबित मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर समयबद्ध समाधान देने के निर्देश दिए। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय लोग और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Topics: •