Loading...

Arrest / हरोली पिता पुत्र हत्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 24 Dec 2024 • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना

उपमंडल हरोली के लोअर भदसाली में सोमवार सुबह जमीनी विवाद के चलते हुए डबल मर्डर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान देशदीप पुत्र रमेश जसवाल निवासी लोअर भदसाली के रूप में हुई है।

सोमवार सुबह ग्राम पंचायत लोअर भदसाली में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ। इस दौरान प्रधान सरोज देवी के पति संजीव कुमार और पड़ोसी रमेश चंद के बीच खेत में मारपीट हुई। झगड़ा इतना बढ़ गया कि मुख्य आरोपी देशदीप ने अपनी गाड़ी में रखी राइफल से संजीव के बेटे रविंद्र पर गोली चला दी। पहली गोली गाड़ी के इंजन पर लगी, जबकि दूसरी गोली सीधे रविंद्र के सीने में जा लगी।

गोलीबारी के बाद जब संजीव मौके पर पहुंचे, तो आरोपी ने उन्हें भी गोली मार दी। घायल रविंद्र और संजीव को ग्रामीणों ने प्रधान सरोज देवी के शोर मचाने पर तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मुख्य आरोपी देशदीप, जो घटना के बाद फरार हो गया था, को मंगलवार सुबह पकड़ लिया। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।