Loading...

Arrest / झंडूता ज्वैलरी शॉप चोरी का 19 वर्षीय मुख्य आरोपी मुरादाबाद से गिरफ्तार, चांदी बरामद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Hours Ago • 1 Min Read

Arrest / बिलासपुर जिले के झंडूता बाजार स्थित ज्वैलरी शॉप से करीब पांच लाख रुपये के चांदी के आभूषण चोरी होने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए चांदी के आभूषण पूरी तरह बरामद कर लिए गए हैं। वारदात में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

बिलासपुर/झंडूता

झंडूता बाजार के आभूषण कारोबारी विपिन कुमार ने 18 अक्टूबर को पुलिस थाने में दुकान से लाखों रुपये के चांदी के गहने चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे ढके हुए थे। उन्होंने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट से भी छेड़छाड़ की थी, जिससे पुलिस को उनकी पहचान और आवाजाही का पता लगाने में परेशानी हो।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग

मामले में कोई स्पष्ट प्रत्यक्ष सुराग नहीं मिलने पर झंडूता पुलिस ने मुखबिरों से मिली सूचनाओं के साथ तकनीकी जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आरोपियों के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस ने नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई मोटरसाइकिल की वास्तविक पहचान का पता लगाया। इसके बाद जांच में चोरी की इस वारदात के तार उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से जुड़े मिले।

मुख्य आरोपी से पूछताछ जारी

पुख्ता सूचना मिलने के बाद झंडूता पुलिस की टीम ने मुरादाबाद में दबिश देकर मनोज कुमार उर्फ मोनू निवासी गांव नेवाड़ खास, जिला मुरादाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई चांदी बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वारदात में शामिल बताए गए दो अन्य आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास भी जारी हैं।

Related Topics: •