Loading...

असम राइफल्स के हेड कांस्टेबल सोहन लाल थिंड के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 25 Jul 2026 • 1 Min Read

असम राइफल्स में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत ऊना के चड़तगढ़ निवासी सोहन लाल थिंड के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और देशसेवा के प्रति समर्पित सैनिक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

ऊना विधानसभा क्षेत्र के गांव चड़तगढ़ निवासी तथा असम राइफल्स में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत वीर जवान सोहन लाल थिंड के आकस्मिक निधन का समाचार पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सैनिक बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वर्गीय सोहन लाल थिंड ने अपने सैन्य जीवन में मातृभूमि की रक्षा को सर्वोपरि मानते हुए पूरी निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ देश की सेवा की। वर्दी का सम्मान बनाए रखते हुए उन्होंने अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन किया। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा और राष्ट्र सेवा के प्रति उनका योगदान सदैव सम्मान एवं कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।

उनके निधन पर क्षेत्र के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करें।