Loading...
una

AUDITIONS / माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव-2025 के लिए ऑडिशन शुरू, युवा कलाकारों ने सुर और ताल से बांधा समां

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Nov 2025 • 1 Min Read

ऊना जिले में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाले माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव-2025 की तैयारियां जोरों पर हैं। महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए सोमवार को अंब कॉलेज के सभागार में ऑडिशन की शुरुआत हुई, जिसमें ऊना, चंबा और कांगड़ा जिलों से पहुंचे युवा कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

सुर, ताल और उमंग से गूंजा अंब कॉलेज सभागार
पहले दिन कलाकारों ने गायन, नृत्य और साज की मधुर धुनों से माहौल को उत्सवमय बना दिया। उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि ऑडिशन का यह सिलसिला 3 नवम्बर के बाद 4 और 6 नवम्बर को भी जारी रहेगा। इस वर्ष की प्रस्तुतियों में लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक संदेशों को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

जिला स्तर पर बनी चयन समिति
उपायुक्त ने बताया कि ऑडिशन प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक समिति गठित की गई है, जिसकी अध्यक्षता जिला लोक संपर्क अधिकारी ऊना कर रहे हैं। समिति में जिला भाषा अधिकारी, अंब कॉलेज की संगीत विभाग की सहायक प्राध्यापिका और तहसीलदार अंब सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों और पुरस्कार विजेताओं को ऑडिशन से छूट दी गई है। अन्य कलाकार आवेदन एसडीएम कार्यालय अंब में या ईमेल matashrichintpurnimahotsav@gmail.com पर भेज सकते हैं।

14 से 16 नवम्बर तक होगा आयोजन
माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव इस वर्ष 14 से 16 नवम्बर तक श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पिछले वर्ष 26 से 28 सितम्बर तक आयोजित हुआ महोत्सव अत्यंत सफल रहा था और अब यह हिमाचल के धार्मिक-सांस्कृतिक कैलेंडर में एक प्रमुख आयोजन बन चुका है।

स्मारिका के लिए लेख आमंत्रित
महोत्सव की स्मृति में एक विशेष स्मारिका भी प्रकाशित की जा रही है, जिसमें माता चिंतपूर्णी मंदिर के इतिहास, ऊना जिले की संस्कृति और लोक विरासत पर लेख शामिल किए जाएंगे। इच्छुक लेखक अपने लेख 9 नवम्बर तक उपरोक्त ईमेल पते पर भेज सकते हैं।