बहराल में हाथियों ने फसलों को पहुंचाया नुकसान, फिर जंगल का किया रुख
शैलेश सैनी
नाहन: जिला सिरमौर के पांवटा साहिब वन मंडल के अंतर्गत बहराल क्षेत्र में देर रात करीब 2 बजे तीन हाथियों के एक झुंड ने किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मौके का जायजा लिया। इस दौरान हाथियों ने तरण सिंह पुत्र पूर्ण सिंह निवासी बहराल की गेहूं की फसल, आम के बगीचे, इसके साथ लगती अवतार सिंह और बलजीत सिंह की बरसीन और गेहूं की फसल को काफी अधिक नुकसान पहुंचाया। साथ-साथ एक पाइप लाइन को भी तोड़ डाला। इसके बाद तीनों हाथी बहराल बीट के मस्तली जंगल की तरफ रुख कर गए।

लोगों की मानें तो करीब एक से डेढ़ बीघा भूमि पर हाथियों ने फसलों को क्षति पहुंचाई है। हालांकि सही नुकसान का आकलन पटवारी द्वारा मौके का मुआयना करने के बाद ही सामने आ सकेगा। बता दें कि क्षेत्र में हाथियों की दस्तक की तीन दिनों में यह दूसरी घटना है। इससे पहले गत बुधवार की रात को भी तीन हाथियों ने ही धूतनपुर जंगल में फॉरेस्ट की जमीन पर दर्जनों पौधों को नष्ट कर दिया था और कुछ आरसीसी के पोल भी तोड़ दिए थे।
डीएफओ ऐश्वर्य राज ने उपरोक्त नुकसान की पुष्टि करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग जंगल की तरफ न जाएं, अपने घर के पास लाइट का इंतजाम जरूर रखें और हाथी दिखने पर तुरंत वन विभाग से संपर्क करें।